नई दिल्ली :- कांग्रेस नेता और पार्टी के तेजतर्रार प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा से निधन हो गया है। शाम तक टीवी डिबेट में शामिल रहे राजीव त्यागी के अचानक निधन से सभी हैरत में हैं। पार्टी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
राजीव त्यागी विनम्र स्वभाव के एक कुशल वक्ता थे और टीवी की बहसों में पार्टी का पक्ष जोरदार ढंग से रखते थे। राजीव त्यागी की तबीयत शाम तक पूरी तरह ठीक थी। वे शाम पांच बजे एक टीवी न्यूज चैनल पर डिबेट में शामिल भी हुए थे। बताया जा रहा है कि बाद में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत कौशाम्बी के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कांग्रेस पार्टी की ओर से ट्विटर पर जारी शोक संदेश में कहा गया है, ”हम राजीव त्यागी के अचानक निधन से बेहद दुखी हैं। वे निष्ठावान कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थना उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।”
[metaslider id=15003]
आज शाम भी टीवी डिबेट में उनके साथ रहे बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने शोक जताते हुए कहा, ”विश्वास नहीं हो रहा है कंग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं हैं। आज 5 बजे हम दोनों ने साथ में टीवी चैनल पर डिबेट भी किया था। जीवन बहुत ही अनिश्चित है अभी भी शब्द नहीं मिल रहे। हे गोविंद राजीव जी को अपने श्री चरणों में स्थान देना।”
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने त्यागी के निधन पर शोक वयक्त करते हुए अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी जी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है। राजीव जी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। समस्त यूपी कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।”
गाजियाबाद के रहने वाले राजीव त्यागी उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक पार्टी के लिए काम कर चुके हैं। उनकी पढ़ाई-लिखाई भी गाजियाबाद में हुई थी और उन्होंने एमबीए की डिग्री हासिल की थी।
More Stories
यूपी:घर बैठे मुफ्त में युवाओं को मिलेगी IAS-IPS की कोचिंग, योगी सरकार ने बनाई योजना
हिरासत से रिहा प्रियंका वाड्रा, बोली- किसानों के पेट पर लात मार रही है सरकार
देश में 24 घंटे में आए कोरोना के 32,981 नए केस,91 की मौत